जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में एक मॉनिटरिंग ग्रुप बनाया है। यह ग्रुप प्रधानमंत्री द्वारा घोषित योजनाओं तथा केंद्रीय बजट और परियोजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करेगा।
बता दें, इस ग्रुप की पहली बैठक 18 अक्टूबर को पीएमओ में हुई थी। हर महीने साउथ ब्लॉक स्थित पीएमओ में इस ग्रुप की बैठक होगी, जहां सरकारी योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। इस दौरान सचिव भी उन्हें उन परियोजनाओं के बारे में बताएंगे जो पिछड़ रही हैं साथ ही उन्हें बेहतर करने के लिए और क्या किया जा सकता है उस पर भी अपने विचार रखेंगे।
सरकार ने इस ग्रुप के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है, लेकिन शिवराज सिंह चौहान प्रधानमंत्री पोर्टल पर सभी योजनाओं पर नजर रखेंगे। बता दे, शिवराज सिंह चौहान के पास संगठन और सरकार चलाने का काफी अनुभव है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और फिर केंद्रीय मंत्री के रूप में उन्होंने सुशासन के नए मानक स्थापित किए हैं। कृषि मंत्री रहते हुए, उन्होंने हर महीने किसान संगठनों से बातचीत शुरू की और उनकी समस्याओं को सुलझाया। इस पहल का असर हरियाणा चुनाव में भी देखने को मिला। अब शिवराज को झारखंड विधानसभा चुनाव की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस बीच, उन्हें मानिटरिंग समिति का अध्यक्ष बनाना उनके बढ़ते राजनीतिक कद को दर्शाता है।