जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए, पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती के मौके पर बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र के खजुराहो में तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री मोदी ने आज खजुराहो में ‘केन-बेतवा नदी जोड़ो राष्ट्रीय परियोजना’ का शिलान्यास किया, जो न केवल बुंदेलखंड के जल संकट को दूर करेगा, बल्कि इस पूरे क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इस परियोजना के तहत, केन और बेतवा नदियों को जोड़ा जाएगा, जिससे लाखों लोगों को पानी की सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर पीएम मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी के सपने को साकार करते हुए बेतवा और केन नदी का जल एक मॉंडल में डालकर प्रदेश को समर्पित किया। इसके साथ ही, उन्होंने मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के ओंकारेश्वर में देश की पहली ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सौर परियोजना का उद्घाटन किया, जो नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में एक नई शुरुआत है।
इसके अलावा, पीएम मोदी ने 1153 नवीन अटल ग्राम सेवा सदनों का भूमिपूजन भी किया। इस मौके पर उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी का स्मारक डाक टिकट और सिक्का भी जारी किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुंदेली भाषा में अपने भाषण की शुरुआत करते हुए जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि पूरी दुनिया में क्रिसमस मनाया जा रहा है। मैं देश और दुनिया भर में मौजूद ईसाई समुदाय को क्रिसमस की हार्दिक बधाई देता हूं। सीएम मोहन यादव के नेतृत्व में बीजेपी सरकार को सत्ता में आए एक साल हो गया है। मैं मध्य प्रदेश की जनता और समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई देता हूं। इस एक साल में मध्य प्रदेश में विकास को नई गति मिली है। आज का दिन हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। आज श्रद्धेय अटल जी की जन्म जयंती है। भारत रत्न अटल जी की जन्म-जयंती की सौवीं वर्षगांठ है। अटल जी की जन्म जयंती का यह उत्सव, सुशासन और जन-सेवा की हमारी प्रेरणा का भी स्मरण कराता है।