केंद्र में बदलाव: MP के IAS अधिकारी आकाश त्रिपाठी बने ऊर्जा विभाग में एडिशनल सेक्रेटरी, रूही खान का भोपाल लौटना तय

You are currently viewing केंद्र में बदलाव: MP के IAS अधिकारी आकाश त्रिपाठी बने ऊर्जा विभाग में एडिशनल सेक्रेटरी, रूही खान का भोपाल लौटना तय

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

मध्यप्रदेश के आईएएस अधिकारियों के लिए केंद्रीय स्तर पर बदलाव की खबरें आई हैं। केंद्रीय सरकार ने एमपी कैडर के प्रमुख सचिव स्तर के आईएएस अधिकारी आकाश त्रिपाठी को ऊर्जा विभाग में एडिशनल सेक्रेटरी के तौर पर नई जिम्मेदारी सौंपी है। आकाश त्रिपाठी, जो अक्टूबर 2022 से भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन मंत्रालय में माय जीओवी के सीईओ के तौर पर कार्य कर रहे थे, अब ऊर्जा मंत्रालय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्हें एमपी राज्य में कई अहम पदों पर अपनी सेवाएं देने का अनुभव है, जिनमें इंदौर कलेक्टर और विभिन्न विभागों में सचिव का पद शामिल है।

वहीं, केंद्र सरकार ने प्रमुख सचिव स्तर के आईएएस अधिकारी फैज अहमद किदवई को भी नई जिम्मेदारी दी है। किदवई, जो वर्तमान में कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय में एडिशनल सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत हैं, अब मिनिस्ट्री ऑफ सिविल एविएशन में एडिशनल सेक्रेटरी के तौर पर कार्य करेंगे।

इसके साथ ही, दिल्ली में स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ आईएएस अधिकारी रूही खान भी अपने व्यक्तिगत कारणों से भोपाल लौटने वाली हैं। केंद्रीय कार्मिक और प्रशिक्षण मंत्रालय ने उनकी वापसी को मंजूरी दे दी है, और वह जल्द ही मध्यप्रदेश लौटकर मंत्रालय में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगी। रूही खान फिलहाल दिल्ली में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में उपसचिव के पद पर कार्यरत हैं।

जानकारी के लिए बता दें, आकाश त्रिपाठी के मध्यप्रदेश लौटने के लिए मोहन यादव सरकार ने केंद्र को एक पत्र भेजा था। इस वजह से ये उम्मीद की जा रही थी कि आकाश त्रिपाठी इस महीने एमपी वापस आ सकते हैं, लेकिन इसी बीच तीन जनवरी को केंद्रीय कार्मिक और प्रशिक्षण मंत्रालय ने पांच आईएएस की नई नियुक्तियों के आदेश जारी कर दिए हैं।

Leave a Reply