जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
हरियाणा के नगरीय निकाय चुनाव के नतीजे भाजपा के लिए जहां जश्न का मौका बने, वहीं कांग्रेस के लिए यह करारी शिकस्त साबित हुई। 10 नगर निगमों में से 9 पर भाजपा ने जीत का परचम लहराया, जबकि कांग्रेस अपना खाता तक नहीं खोल पाई। रोहतक, जिसे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ माना जाता है, वहां भी कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। इसी तरह सिरसा नगर परिषद में भी भाजपा का चेयरमैन बना, जो कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा का क्षेत्र है।
भाजपा की आंधी में कांग्रेस गायब!
हरियाणा के इन चुनावों में कांग्रेस के लिए सबसे बड़ा झटका यह रहा कि वह किसी भी नगर निगम में अपनी जीत दर्ज नहीं कर सकी। जहां भाजपा ने अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी, वहीं निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी कांग्रेस को पीछे छोड़ दिया। मानेसर में निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. इंद्रजीत यादव ने भाजपा उम्मीदवार सुंदर लाल को हरा दिया। उन्होंने खुद को केंद्रीय राज्यमंत्री और गुरुग्राम से भाजपा सांसद राव इंद्रजीत का करीबी बताकर प्रचार किया था, जिससे उन्हें जनता का भारी समर्थन मिला।
फरीदाबाद से हिसार तक भाजपा की लहर
हरियाणा के कई अहम शहरों में भाजपा को शानदार जीत मिली। गुरुग्राम, फरीदाबाद, हिसार, रोहतक, करनाल, यमुनानगर और मानेसर में 2 मार्च को वोटिंग हुई थी। अंबाला और सोनीपत में मेयर पद के उपचुनाव हुए, जबकि 21 नगर पालिकाओं के लिए भी इसी दिन मतदान हुआ। पानीपत में 9 मार्च को मतदान संपन्न हुआ और परिणामों में भाजपा को बड़ी सफलता हाथ लगी।
महिलाओं का दबदबा, 10 में से 7 बनीं मेयर
हरियाणा निकाय चुनावों में महिलाओं का दबदबा देखने को मिला। 10 नगर निगमों में से 7 में महिलाओं ने मेयर पद पर जीत दर्ज की। गुरुग्राम में राज रानी, यमुनानगर में सुमन बहमनी, पानीपत में कोमल सैनी, फरीदाबाद में प्रवीण जोशी, मानेसर में डॉ. इंद्रजीत, अंबाला में सैलजा सचदेवा और करनाल में रेणु बाला ने जीत हासिल की।
इन चुनावों में सबसे बड़ी जीत फरीदाबाद में देखने को मिली, जहां भाजपा की प्रवीण जोशी ने कांग्रेस की लता रानी को 3,16,852 वोटों से हराया। दूसरी ओर, मानेसर में चुनावी मुकाबला बेहद करीबी रहा, जहां निर्दलीय डॉ. इंद्रजीत यादव ने भाजपा के सुंदर लाल को मात्र 2,293 वोटों से हराया।
दिग्गज नेताओं के गढ़ में कैसा रहा मुकाबला?
- मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के गृह क्षेत्र थानेसर नगर परिषद में भाजपा ने जीत दर्ज की।
- पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गढ़ रोहतक में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा।
- केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर के लोकसभा क्षेत्र फरीदाबाद में भाजपा ने बाजी मारी।
- केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के संसदीय क्षेत्र करनाल में भाजपा लगातार तीसरी बार मेयर चुनाव जीतने में सफल रही।
- केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत और प्रदेश के मंत्री राव नरबीर के गढ़ गुरुग्राम में भाजपा ने जीत हासिल की, हालांकि मानेसर में हार का सामना करना पड़ा।
- कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट के क्षेत्र जुलाना नगर पालिका में भाजपा का चेयरमैन बना।
- कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा के संसदीय क्षेत्र सिरसा नगर परिषद में भाजपा का कब्जा हुआ।