रणबीर कपूर की ‘रामायण’ का फर्स्ट लुक रिलीज: यश बने रावण, सनी देओल हनुमान; म्यूजिक और VFX से बांधा दर्शकों का दिल!

You are currently viewing रणबीर कपूर की ‘रामायण’ का फर्स्ट लुक रिलीज: यश बने रावण, सनी देओल हनुमान; म्यूजिक और VFX से बांधा दर्शकों का दिल!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

भारतीय सिनेमा में एक नया इतिहास रचने की तैयारी कर रही है रामायण। निर्देशक नितेश तिवारी की इस मेगा बजट फिल्म का फर्स्ट लुक आखिरकार सामने आ गया है, जिसने दर्शकों के दिलों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। करीब 3 मिनट 4 सेकंड के इस इंट्रोडक्टरी वीडियो ने अपने शानदार VFX, भव्य सेट और दमदार बैकग्राउंड म्यूजिक से एक झलक में ही लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया है।

वीडियो की शुरुआत बेहद आध्यात्मिक अंदाज में भगवान ब्रह्मा, विष्णु और महेश के दर्शन से होती है। इसके बाद जैसे ही रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में अपने धनुष-बाण के साथ युद्ध मुद्रा में नजर आते हैं, पूरा माहौल एक दिव्यता में डूब जाता है। रणबीर कपूर का यह अवतार देख कर यह साफ जाहिर होता है कि उन्होंने इस किरदार में उतरने के लिए कितनी मेहनत की है। उन्होंने धनुष-बाण चलाने की बाकायदा ट्रेनिंग ली ताकि हर फ्रेम में वह असली भगवान राम जैसे दिखें।

फर्स्ट लुक वीडियो में दक्षिण भारत के सुपरस्टार यश भी रावण के किरदार में दिखाई देते हैं। एक सीन में रणबीर और यश के बीच की टकराहट देख कर अनुमान लगाया जा सकता है कि राम-रावण युद्ध के दृश्य इस फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण होने वाले हैं।

वीडियो में किसी भी किरदार के डायलॉग सुनने को नहीं मिलते, लेकिन इसका बैकग्राउंड म्यूजिक इतना प्रभावशाली है कि वो ही बहुत कुछ कह जाता है। इस म्यूजिक को ऑस्कर विनर हंस जिमर और ए.आर. रहमान मिलकर तैयार कर रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि दोनों पहली बार साथ काम कर रहे हैं।

फिल्म रामायण को नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज और 8 बार ऑस्कर जीत चुके VFX स्टूडियो DNEG प्रोड्यूस कर रहे हैं। इतना ही नहीं, यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस भी इस प्रोजेक्ट में को-प्रोड्यूसर है। फिल्म को IMAX जैसे बड़े स्क्रीन फॉर्मेट के लिए खासतौर पर शूट किया जा रहा है। युद्ध के दृश्यों को हॉलीवुड के टॉप स्टंट डायरेक्टर्स टेरी नोटरी और गाय नॉरिस ने कोरियोग्राफ किया है, जिन्होंने पहले अवेंजर्स, प्लेनेट ऑफ द एप्स और मैड मैक्स जैसी फिल्मों में अपना कमाल दिखाया है।

निर्देशक नितेश तिवारी का कहना है कि “रामायण वो कहानी है जिसके साथ हम सब बड़े हुए हैं। ये हमारे देश की आत्मा है। हमारा मकसद यही है कि इस कहानी को उतनी ही श्रद्धा और भव्यता के साथ पेश किया जाए, जितनी इसकी हकदार है। ये सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति की आत्मा का सिनेमाई उत्सव है।”

वहीं निर्माता नमित मल्होत्रा ने कहा, “रामायण सिर्फ एक कहानी या फिल्म नहीं है, ये एक वैश्विक सांस्कृतिक आंदोलन है। इसे हम भारतीयों की ओर से दुनिया को दिया गया तोहफा समझिए। हमने इसके लिए दुनिया के बेस्ट टेक्नीशियन्स और क्रिएटिव लोगों को जोड़ा है ताकि ये कहानी हर लिहाज से बेहतरीन बने।”

फिल्म की कास्ट की बात करें तो इसमें रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, यश रावण के रूप में, साई पल्लवी माता सीता के रूप में और सनी देओल भगवान हनुमान के दमदार अवतार में नजर आएंगे। लक्ष्मण के किरदार में रवि दुबे नजर आएंगे।

फिलहाल इस फिल्म की रिलीज डेट को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि यह अगले साल की सबसे बड़ी रिलीज होगी।

Leave a Reply