जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
देशभर में मानसून अब पूरी रफ्तार में है और इसके चलते उत्तर से दक्षिण और पूरब से पश्चिम तक कई राज्य जलप्रलय जैसी स्थिति का सामना कर रहे हैं। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही बारिश ने अलकनंदा नदी को उफान पर ला दिया है। नदी किनारे बसे घर पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं। वहीं, चारधाम यात्रा के मुख्य पड़ाव गौरीकुंड में भारी भूस्खलन (लैंडस्लाइड) के चलते केदारनाथ जाने वाला रास्ता पूरी तरह से ब्लॉक हो गया है। इससे हजारों श्रद्धालु फंसे हुए हैं।
बद्रीनाथ हाईवे भी प्रभावित
बद्रीनाथ मार्ग पर नंदप्रयाग और भनेरपानी के पास लैंडस्लाइड के कारण रास्ता बंद हो गया था, हालांकि प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस मार्ग को खोल दिया है। लेकिन हालात अब भी बेहद संवेदनशील बने हुए हैं और किसी भी वक्त दोबारा लैंडस्लाइड की आशंका है।
मध्य प्रदेश में भी बाढ़ जैसे हालात
मध्यप्रदेश में भी मानसून ने रौद्र रूप ले लिया है। राज्य में बारिश का सिस्टम बेहद स्ट्रॉन्ग बना हुआ है और कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। निचले इलाकों में पानी भर गया है, फसलें तबाह हो रही हैं और आवागमन भी बाधित हो गया है। प्रशासन ने अलर्ट जारी कर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं।
राजस्थान में जालोर सबसे ज्यादा भीगा, नेता की पिटाई
राजस्थान में भी हालात बेहद खराब हैं। जालोर में गुरुवार को राज्य की सबसे अधिक 136 मिमी बारिश दर्ज की गई। भीलवाड़ा में जलभराव के हालात इतने बिगड़ गए कि पानी घरों में घुस गया। इसी दौरान जब स्थिति का जायजा लेने पहुंचे एक बीजेपी नेता को आक्रोशित भीड़ ने पीट दिया। यह घटना बताती है कि लोग प्रशासनिक व्यवस्था से कितना निराश हैं।
हिमाचल में भारी तबाही: अब तक 37 मौतें
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन से अब तक 37 लोगों की जान जा चुकी है। राज्य में करीब ₹400 करोड़ की संपत्ति का नुकसान हो चुका है। मंडी, कुल्लू और शिमला जैसे जिलों में कई सड़कों पर आवागमन पूरी तरह बंद है, जिससे आपात सेवाएं भी बाधित हो गई हैं।
ओडिशा में 35 गांव डूबे, हालात गंभीर
ओडिशा के बालासोर जिले में भी बाढ़ के हालात बने हुए हैं। सुबर्णरेखा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे 35 गांव पूरी तरह पानी में डूब चुके हैं और बाकी क्षेत्रों से संपर्क कट चुका है। प्रशासन राहत सामग्री पहुंचाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन लगातार बारिश से मुश्किलें बढ़ गई हैं।
13 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट, देशभर में खतरा
भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि इस समय मानसून पूरी तरह एक्टिव मोड में है। 4 जुलाई को पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण-गोवा, कर्नाटक, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और नगालैंड में भारी बारिश की चेतावनी के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, अन्य राज्यों जैसे उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, गुजरात, हिमाचल, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
लोगों से की गई सतर्कता की अपील
प्रशासन और मौसम विभाग ने सभी राज्यों के नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। नदियों के किनारे न जाने, पहाड़ों में अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।