जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की दुबई और स्पेन यात्रा मध्यप्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित हो रही है। उनकी इस रणनीतिक और निवेश-प्रेरक यात्रा से राज्य को कुल 11,119 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिससे लगभग 14,000 से अधिक रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। मुख्यमंत्री ने यह जानकारी भोपाल स्थित स्टेट हैंगर पर आयोजित कार्यक्रम और मीडिया संवाद के दौरान साझा की।
डॉ. यादव ने कहा कि यह यात्रा न केवल निवेश के द्वार खोलने वाली रही, बल्कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक और बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि इससे पहले जापान, जर्मनी, यूके जैसे देशों की यात्राओं से भी राज्य को बड़े निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। उन्होंने यह विश्वास जताया कि निरंतर आ रहे निवेश प्रस्ताव मध्यप्रदेश को वैश्विक निवेश का एक प्रमुख केंद्र बना रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व क्षमता और दूरदृष्टि की सराहना करते हुए कहा कि दुबई को एक वैश्विक निवेश केंद्र के रूप में स्थापित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मोदी जी ने अब तक दुबई की सात यात्राएं कर व्यापारिक और औद्योगिक साझेदारी को मजबूत किया है। डॉ. यादव ने भी उसी नीति का अनुसरण करते हुए ‘उद्योग और व्यापार वर्ष 2025’ के लिए देश-विदेश से निवेश लाने के लक्ष्य पर कार्य किया है। उन्होंने इस यात्रा को प्रधानमंत्री के सपनों को साकार करने की दिशा में सार्थक बताया।
डॉ. यादव ने कहा कि पिछले दो दशकों में मध्यप्रदेश ने अभूतपूर्व विकास यात्रा तय की है। उन्होंने वर्ष 2002-03 की तुलना में आज के मध्यप्रदेश को एक नई पहचान देने वाला बताया। उन्होंने यह भी कहा कि गुजरात के बाद मध्यप्रदेश ही ऐसा राज्य है, जो प्रधानमंत्री के विकसित भारत के स्वप्न को सबसे तेजी से साकार करने की दिशा में अग्रसर है। जल संसाधन और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अंतर्राज्यीय नदी जोड़ो परियोजनाएं इसकी पुष्टि करती हैं।
यात्रा का एक और महत्वपूर्ण पहलू यह रहा कि यह स्पेन यात्रा भारत-स्पेन सांस्कृतिक सहयोग वर्ष के दौरान हुई, जिससे सांस्कृतिक आदान-प्रदान और पर्यटन के क्षेत्र में भी मध्यप्रदेश को विशेष लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष स्पेन के कलाकारों के मंचीय कार्यक्रम और सांस्कृतिक प्रतिनिधिमंडल मध्यप्रदेश में आमंत्रित किए जाएंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि इन्वेस्टमेंट बढ़ाने के लिए राज्य सरकार पहले से ही विभिन्न मंचों पर गंभीर प्रयास कर रही है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट, संभागीय उद्योग कॉन्क्लेव, तथा कोलकाता, कोयंबटूर, लुधियाना, सूरत जैसे प्रमुख शहरों में सेक्टर-वाइज बैठकों के माध्यम से निवेशकों को आकर्षित किया गया है। विदेशों में की गई यात्राओं — जैसे जापान, इंग्लैंड, जर्मनी — से भी नए निवेश प्राप्त हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस दौरान एक बड़ी सामाजिक घोषणा भी की — रक्षा बंधन से पहले ‘लाड़ली बहनों’ के खाते में 1500 रुपए ट्रांसफर किए जाएंगे। यह राशि 1250 रुपए की मासिक सहायता के अतिरिक्त होगी, जिसमें रक्षाबंधन पर 250 रुपए का विशेष ‘शगुन’ शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से प्रदेश की महिलाएं, युवा, किसान और गरीब हर वर्ग को साथ लेकर विकास की गति को तेज किया जा रहा है।
अंततः मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे इस विकास यात्रा में सहभागी बनें और ‘विकसित मध्यप्रदेश’ के संकल्प को साकार करें।