मोहन यादव के दौरे से पहले मातम! सीधी-सिंगरौली हाईवे पर खड़े ट्रक में घुसी बोलेरो, मृतकों में मंडल अध्यक्ष के परिवार के सदस्य; सीएम डॉ. मोहन यादव ने जताया गहरा दुख!

You are currently viewing मोहन यादव के दौरे से पहले मातम! सीधी-सिंगरौली हाईवे पर खड़े ट्रक में घुसी बोलेरो, मृतकों में मंडल अध्यक्ष के परिवार के सदस्य; सीएम डॉ. मोहन यादव ने जताया गहरा दुख!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:  

सीधी-सिंगरौली नेशनल हाईवे पर गुरुवार शाम एक भयानक सड़क हादसा हुआ, जिसमें मयापुर भाजपा मंडल अध्यक्ष शिवकुमारी जायसवाल के परिवार के तीन सदस्य की दर्दनाक मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम स्थल पर लगे ट्रक में अचानक एक बोलेरो घुस गई। हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रीवा के संजय गांधी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

पुल उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान यह दुर्घटना शाम 7.30 बजे हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को बहरी तहसील में सोन नदी पर बने नए पुल का उद्घाटन करने वाले थे, जो सिंगरौली से बहरी होते हुए उत्तर प्रदेश को जोड़ता है। ट्रक में कार्यक्रम का टेंट और अन्य सामग्री रखी हुई थी।

पुलिस ने बताया कि बोलेरो वाहन जेठू गांव निवासी जगदीश जायसवाल के नाम पर रजिस्टर्ड था। वाहन में शुरुआत में 3 लोग सवार थे, लेकिन रास्ते में अन्य लोग भी चढ़ गए और कुल 6 लोग वाहन में सवार हो गए। हादसे में धर्मेंद्र (पिता चूड़ामणि जायसवाल, उम्र 24) और गीता उर्फ आदित्य (पिता रघुनाथ, उम्र 55) की मौके पर ही मौत हो गई। तीसरे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

तीन घायलों के नाम अजय जायसवाल (26), प्रिंस जायसवाल (30) और बालकृष्ण प्रजापति (30) हैं। रीवा के संजय गांधी अस्पताल में सीएमओ डॉक्टर वायएस बघेल ने बताया कि घायलों की स्थिति गंभीर है और पूरी टीम उनका उपचार करने में जुटी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बोलेरो वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। ट्रक से टकराने के कारण बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने घटना स्थल और जिला अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि मृतकों के साथ जिला अस्पताल में जो व्यवहार किया गया वह उचित नहीं था। उनका कहना था कि मृतक का ईसीजी लेने का प्रयास करना गलत था, क्योंकि परिवार पहले मौके पर नहीं पहुंचा था।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख

सीएम डॉ. मोहन यादव ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने शुक्रवार को प्रस्तावित सीधी दौरा रद्द कर दिया। सोशल मीडिया पर सीएम ने लिखा कि दुर्घटना में तीन लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है और घायल व्यक्तियों के उचित उपचार एवं प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।

Leave a Reply