बालाघाट दौरे पर सीएम मोहन यादव, कहा नक्सलवाद को 2026 तक खत्म करेंगे; किसानों के खाते में ट्रांसफर किए ₹337 करोड़, युवाओं को दी रोजगार और 78 विकास कार्यों की सौगात

You are currently viewing बालाघाट दौरे पर सीएम मोहन यादव, कहा नक्सलवाद को 2026 तक खत्म करेंगे; किसानों के खाते में ट्रांसफर किए ₹337 करोड़, युवाओं को दी रोजगार और 78 विकास कार्यों की सौगात

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को बालाघाट जिले के दौरे पर पहुंचे। कटंगी में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने किसानों, युवाओं और आम जनता के लिए कई बड़ी घोषणाएँ कीं। इस मौके पर सीएम ने किसानों को बोनस, युवाओं को रोजगार और क्षेत्र के लिए नए विकास कार्यों की सौगात दी।

किसानों के खाते में एक क्लिक से पहुँचा बोनस

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को बोनस की बड़ी सौगात दी। प्रदेशभर के 6 लाख 69 हजार 272 किसानों को एक ही क्लिक में 377 करोड़ 12 लाख रुपए की राशि सीधे खाते में ट्रांसफर की गई। किसानों ने इस कदम का स्वागत करते हुए सरकार का आभार जताया।

नक्सल प्रभावित युवाओं को रोजगार का अवसर

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सीएम ने खास पहल की। उन्होंने 812 युवाओं को पुलिस के विशेष सहयोगी दस्ते में भर्ती के लिए नियुक्ति पत्र वितरित किए। सीएम ने कहा कि अब यह युवा अपने ही क्षेत्र की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाएँगे और समाज को सुरक्षित बनाने में भागीदार बनेंगे।

विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

बालाघाट जिले को विकास की नई सौगात देते हुए मुख्यमंत्री ने 244.52 करोड़ रुपए की लागत से तैयार 78 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें सड़क, पुल और स्वास्थ्य से जुड़े कई कार्य शामिल हैं।

सीएम के दौरे के दौरान राजनीतिक हलचल भी देखने को मिली। कार्यक्रम से पहले पुलिस ने पूर्व सांसद कंकर मुंजारे को गिरफ्तार कर लिया, जिन्होंने सीएम के आगमन का विरोध करने की घोषणा की थी। इसके अलावा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी कटंगी से लगभग 5 किमी पहले रोक दिया गया। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार किसानों की आवाज दबा रही है। कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे काले झंडे और काला गमछा दिखाकर शांतिपूर्ण विरोध करना चाहते थे।

कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि धान का समर्थन मूल्य बढ़ाकर ₹3100 प्रति क्विंटल और गेहूं का समर्थन मूल्य ₹2700 प्रति क्विंटल किया जाए। साथ ही महिलाओं से किए गए वादों को पूरा करने की भी बात कही।

मुख्यमंत्री का कांग्रेस पर तीखा हमला

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा – “नालायक कांग्रेसी कहते हैं कि बहनें दारू पी जाती हैं। ये वही लोग हैं जो गोमांस पर टैक्स फ्री करने की बात करते थे। हमारी सरकार ने गोवध पर प्रतिबंध लगाया है और जो भी गोवंश को परेशान करेगा, उसकी जगह जेल में है।”

सीएम ने नक्सलवाद पर भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि “मार्च 2026 में लाल सलाम को आखिरी सलाम होगा। इनको अब कोई मदद नहीं मिलने वाली।”

नई घोषणाएँ

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए कई विकास कार्यों की घोषणाएँ भी कीं –

  • कतरकाना में नया अस्पताल बनाया जाएगा।

  • कटंगी–सिवनी मार्ग पर ब्रिज का निर्माण होगा।

  • कटोरी से घोरगढ़ गौरी चौक मार्ग तैयार होगा।

  • चनई नदी पर नया पुल बनेगा।

  • खमरिया से बीसापुर तक साढ़े पाँच किमी सड़क का मजबूतीकरण किया जाएगा।

सीएम मोहन यादव का यह दौरा किसानों और युवाओं के लिए कई बड़ी सौगातों से जुड़ा रहा, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने इस मौके पर सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी भी खुलकर जताई। एक तरफ किसानों को बोनस और युवाओं को रोजगार का तोहफा मिला, वहीं दूसरी तरफ क्षेत्र की समस्याओं को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरने की कोशिश की।

Leave a Reply