जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल बुधवार को एक ऐतिहासिक खेल आयोजन की गवाह बनी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जोरदार आतिशबाजी और भारत माता की जय के नारों के बीच ‘सांसद खेल महोत्सव 2025’ का शुभारंभ किया। शासकीय सुभाष एक्सीलेंस स्कूल मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में आसमान में तिरंगे गुब्बारे छोड़े गए और हजारों खिलाड़ियों ने उत्साह से हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश खेलों की दुनिया में नई क्रांति देख रहा है। “खेल केवल शारीरिक तंदुरुस्ती ही नहीं देते, बल्कि राष्ट्र को गर्व और युवाओं को आत्मविश्वास भी देते हैं।” उन्होंने सभी से फिटनेस और खेल को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
71 हजार खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण
इस वर्ष का सांसद खेल महोत्सव प्रदेश के लिए बेहद खास है। भोपाल-सीहोर संसदीय क्षेत्र से 71 हजार से ज्यादा खिलाड़ियों ने इसमें हिस्सा लेने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। प्रतियोगिताओं में 24 से अधिक खेलों को शामिल किया गया है, जो पंचायत स्तर से लेकर नगरीय निकाय स्तर तक आयोजित होंगी। यह भागीदारी प्रदेश के युवाओं में तेजी से बढ़ रही खेल भावना और रुचि का सबूत है।
CM का संदेश: “तेल कम, खेल ज्यादा”
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा “तेल कम और खेल ज्यादा” पर जोर देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन में दूध, दही और मक्खन को शामिल करने की सलाह दी। सीएम ने कहा कि सनातन संस्कृति में खेलों का महत्व सदियों से रहा है और अब सरकार का प्रयास है कि हर गांव से एक चैम्पियन निकले।
खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को मिल रहा सरकारी सहयोग
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों दोनों को हर स्तर पर प्रोत्साहित कर रही है। प्रशिक्षकों के प्रमोशन और वेतन व्यवस्था सुधारी गई है। विश्वविद्यालयों में खेल शिक्षकों को कुलपति तक बनने का अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को राज्य का गौरव बताया।
खेल महोत्सव में दिखा जुनून और जज्बा
शुभारंभ अवसर पर हुए मार्च पास्ट में 18 महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया है। इसके अलावा 120 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भी आकर्षक मार्च पास्ट किया। मंच पर मलखम्ब, जूडो, ताइक्वांडो, कराटे और कुश्ती जैसे खेलों का शानदार प्रदर्शन हुआ। राज्य खेल मलखम्ब टीम की प्रस्तुति को विशेष सराहना मिली। स्काउट गाइड और स्कूल बैंड की प्रस्तुति ने भी कार्यक्रम को और भव्य बना दिया।
पीएम मोदी के विजन से जुड़ा खेल महोत्सव
सांसद आलोक शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘युवा खेल महोत्सव’ की तर्ज पर ही सांसद खेल महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इसका मकसद युवाओं को फिटनेस, अनुशासन और टीम भावना की ओर प्रेरित करना है।
प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में ले जाते हैं और यही वजह है कि जिन राज्यों में खेलों का माहौल मजबूत है, वे सभी क्षेत्रों में प्रगति कर रहे हैं।
नवरात्रि और दशहरे की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों और नागरिकों को नवरात्रि और दशहरे की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कई मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।