MP News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मिडिल ईस्ट के युद्ध का असर देखने को मिल रहा है. गैस सिलेंडर को लेकर लोगों में अफरा-तफरी का माहौल है. गांधीनगर स्थित जानवी गैस एजेंसी के बाहर लोगों की लंबी कतार नजर आई. लोग गैस सिलेंडर के लिए परेशान होते हुए दिखाई दिए. छोटे-छोटे बच्चे स्कूल छोड़कर गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगे हुए नजर आए. महिलाएं सुबह 8:00 बजे से कतार में लगी हुई हैं. पुरुष नौकरी छोड़कर गैस सिलेंडर लेने पहुंचे हैं. लोगों का कहना है कि नौकरी तो सिर्फ 8 घंटे की होती है, लेकिन यहां 12 लाइन में खड़ा होने के बाद भी गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है.
आधा किलोमीटर तक गैस सिलेंडर के लिए लगी लाइन
भोपाल के गांधी नगर इलाके में गैस सिलेंडर के लिए लोगों की लंबी-लंबी लाइनें दिखाई दिखाई दी. करीब आधा किलोमीटर तक लंबी लाइन दिखाई दी. लोगों ने बताया कि वो अपने सभी जरूरी काम छोड़कर सुबह से गैस सिलेंडर के लिए लाइन में लगे हैं. लेकिन चिलचिलाती धूप में लाइन में लगे लोगों के हिस्से में सिर्फ इंतजार आया.
‘ट्रक को आधा खाली करके एजेंसी में लाया गया’
गैस सिलेंडर लेने पहुंचे लोगों का आरोप है कि बड़े पैमाने पर गैस सिलेंडर की कालाबाजारी की जा रही है. ट्रक को आधा से ज्यादा खाली करवाकर एजेंसी में लाया गया है. गैस लेने आए लोगों ने बताया कि हर रोज का यही हाल है.
गैस सिलेंडर ना मिलने से परेशान लोगों ने बताया कि नौकरी में भी 8 घंटे बाद छुट्टी मिल जाती है. लेकिन यहां तो 12 घंटे से लाइन में लगे हैं, नाश्ता खाना कुछ नहीं खाया. लेकिन फिर भी यहां से छुट्टी नहीं मिल पा रही है.
स्कूल छोड़कर बच्चे लाइनों में लगे
भोपाल में गैस सिलेंडर लेने के लिए हर वर्ग के लोग लाइनों में लगे दिखाई दिए. महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और नौकरीपेशे वाले लोगों की भी गैस एजेंसी के बाहर लंबी-लंबी लाइनें दिखाई दीं. बच्चों ने बताया कि गैस सिलेंडर की किल्लत के कारण वे स्कूल छोड़कर गैस सिलेंडर लेने के लिए यहां आए हुए हैं.