मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को उज्जैन जिले के झारड़ा क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे छोटी कालीसिंध नदी पर निर्मित सामाकोटा बैराज का लोकार्पण करेंगे। करीब 188.42 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करना है, जिससे बड़ी संख्या में किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
बैराज के शुरू होने से आसपास के 18 गांवों के 11 हजार से अधिक किसान परिवारों को फायदा मिलेगा। परियोजना के तहत 17.57 मिलियन घन मीटर जल संग्रहण की व्यवस्था की गई है, जबकि पाइपलाइन आधारित सिंचाई प्रणाली के माध्यम से 7236 हेक्टेयर कृषि भूमि तक पानी पहुंचाया जाएगा।
इस योजना से नलखेड़ा, पनोडिया, नीमखेड़ा, घट्टियाजस्सा, मेलाखेड़ी, खोरियापदमा, खेरला, लसूड़ियानहाटा, नागपुरा, छज्जुखेड़ी, देलाखेड़ी, डूंगरखेड़ी, खेड़ामद्दा, कसोन, महिदपुरिया, सोमचिड़ी और झारड़ा सहित कई गांवों के किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। इससे कृषि उत्पादन बढ़ने और सिंचाई पर निर्भरता मजबूत होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान 19 करोड़ रुपए से अधिक लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भी लोकार्पण करेंगे। इनमें नए महाविद्यालय भवन, कन्या विद्यालय भवन, विद्युत उपकेंद्र और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े बुनियादी ढांचे के निर्माण कार्य शामिल हैं।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। कुल मिलाकर लगभग 207 करोड़ रुपए की लागत से तैयार विकास कार्यों को जनता को समर्पित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलने की उम्मीद है।