असम राइफल्स ने कछार पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर पूर्वोत्तर में सक्रिय ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। खुफिया सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने असम के कछार जिले के टोलेंग्राम क्षेत्र में एक संदिग्ध खेप की जांच की, जहां लाल मिर्च से भरे डिब्बों के अंदर छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए।
तलाशी के दौरान करीब 30 हजार याबा टैबलेट और 535 ग्राम हेरोइन जब्त की गई, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग ₹9.5 करोड़ बताई गई है। तस्करों ने ड्रग्स को सामान्य सामान के बीच इस तरह छिपाया था कि जांच के दौरान उस पर आसानी से शक न हो।
कार्रवाई के दौरान मणिपुर के तामेंगलोंग जिले की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। दोनों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस तस्करी नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा मादक पदार्थों की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
सुरक्षा एजेंसियों ने बरामद सभी मादक पदार्थों को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि ड्रग तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और मामले में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।