पठानकोट में कारोबारी की पत्नी आशा महाजन की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। जांच में पता चला कि वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि महिला का पड़ोसी वरुण कुमार उर्फ कालू था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले से महिला के घर पर नजर रख रहा था। सोमवार शाम करीब 7:15 बजे महिला का बेटा दुकान के लिए घर से निकला। उसके जाने के कुछ देर बाद आरोपी कथित तौर पर खाली डिब्बा लेकर महिला के घर पहुंचा और कहा कि उनके बेटे ने सामान भेजा है।
आरोपी ने अपना चेहरा और सिर कपड़े से ढक रखा था और टोपी भी पहनी हुई थी। महिला ने उसकी बात पर दरवाजा खोला, जिसके बाद वह घर के अंदर चला गया। अंदर पहुंचने के बाद उसने महिला से पानी मांगा।
इसी दौरान आरोपी के चेहरे से कपड़ा सरक गया और महिला ने उसे पहचान लिया। पुलिस जांच के अनुसार आरोपी को डर था कि महिला उसे पहचान चुकी है और उसकी पहचान सामने आ जाएगी। इसके बाद उसने महिला पर हमला कर दिया।
हमले के बाद आरोपी ने महिला के हाथों से सोने के कंगन उतार लिए। पुलिस के अनुसार वारदात का मकसद लूट भी था। घटना के दौरान घर में लगे सीसीटीवी की डीवीआर भी निकाल ली गई, ताकि जांच के दौरान महत्वपूर्ण सबूत सामने न आ सकें।
महिला की चीखें सुनकर आसपास के लोग घर के बाहर जमा होने लगे। इसके बाद आरोपी सीढ़ियों के रास्ते छत पर पहुंचा और वहां से अपने घर की ओर चला गया। पुलिस के मुताबिक उसने लूटे गए कंगन दूसरे पड़ोसी की छत पर फेंक दिए।
घर पहुंचने के बाद आरोपी ने कपड़े बदले और अपने हाथ-मुंह धो लिए। इसके बाद वह मोहल्ले में जमा हुई भीड़ के बीच जाकर खड़ा हो गया। उसका मकसद लोगों के बीच रहकर खुद पर शक न होने देना था।
हालांकि पुलिस की जांच में आसपास के लोगों से पूछताछ के दौरान आरोपी पर संदेह हुआ। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल सरिया, घर से निकाली गई डीवीआर, सोने के कंगन और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस अब घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी अकेला रहता था और नशे का आदी बताया जाता है। मामले में थाना प्रभारी और जांच अधिकारी दविंदर काश्नी के अनुसार आरोपी को 2 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है और पुलिस वारदात के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

