पंजाब में पानी की टंकी पर चढ़ीं 3 युवतियां, शादी का वादा कर संबंध बनाने का आरोप

You are currently viewing पंजाब में पानी की टंकी पर चढ़ीं 3 युवतियां, शादी का वादा कर संबंध बनाने का आरोप

बरनाला के जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स में बुधवार को तीन युवतियां करीब 50 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गईं। युवतियों ने आरोप लगाया कि तीन युवकों ने उनसे शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी करने से इनकार कर दिया।

युवतियों का आरोप है कि उन्होंने करीब एक महीने पहले संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी थी, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर लगाने के बाद भी सुनवाई नहीं होने से वे परेशान थीं।

पहली युवती ने आरोप लगाया कि उसकी आरोपी युवक के साथ मंगनी यानी रोका हुआ था। मंगनी के बाद युवक ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में उसने शादी करने से इनकार कर दिया।

दूसरी युवती के अनुसार, वह करीब डेढ़ साल तक एक युवक के साथ रिश्ते में रही। उसका आरोप है कि इस दौरान युवक ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में उसे पता चला कि युवक पहले से शादीशुदा है। इसके बाद आरोपी ने उसका फोन नंबर भी ब्लॉक कर दिया।

तीसरी युवती ने बताया कि वह करीब दो साल से एक युवक के साथ रह रही थी। युवती के मुताबिक, युवक ने उससे शादी करने का वादा किया था। उसका आरोप है कि संबंध बनाने के बाद युवक अचानक बिना बताए विदेश चला गया।

तीनों युवतियों का कहना था कि उन्होंने अपने साथ हुई कथित धोखाधड़ी और ज्यादती को लेकर पहले ही शिकायत की थी। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़े।

इसके बाद तीनों युवतियां जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स की पानी की टंकी पर चढ़ गईं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वे टंकी से नीचे कूद जाएंगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।

युवतियों ने मांग की कि शादी का वादा कर उनके साथ संबंध बनाने वाले तीनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि न्याय मिलने तक वे टंकी से नीचे नहीं उतरेंगी।

मामले में पुलिस ने सेखा रोड निवासी प्रदीप के अलावा तलविंदर और इकबाल के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस की ओर से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद करीब छह घंटे बाद तीनों युवतियां टंकी से नीचे उतर आईं।

थाना सिटी-2 के एसएचओ चरनजीत सिंह के अनुसार, मामला वूमेन सेल में चल रहा है। पुलिस का कहना है कि शिकायत और सामने आए आरोपों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।