उज्जैन आई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू: इंदौर–उज्जैन सिक्स लेन का किया वर्चुअल भूमि पूजन, स्वच्छता मित्रों का किया सम्मान; बाबा महाकाल के किए दर्शन

You are currently viewing उज्जैन आई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू: इंदौर–उज्जैन सिक्स लेन का किया वर्चुअल भूमि पूजन, स्वच्छता मित्रों का किया सम्मान; बाबा महाकाल के किए दर्शन

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मध्य प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर हैं। बुधवार 18 सितंबर को वे इंदौर के मृगनयनी एम्पोरियम पहुंचीं, जहां उन्होंने कलाकारों से मुलाकात की, साथ ही कोसा सिल्क और महेश्वरी सिल्क की दो साड़ियां भी खरीदीं। इसके साथ ही मृगनयनी के आर्टिस्ट ने राष्ट्रपति को पेंटिंग गिफ्ट की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी अपनी ओर से राष्ट्रपति को चंदेरी साड़ी गिफ्ट की।

अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान देश की महामहीम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, गुरुवार को महाकाल की नगरी उज्जैन पहुंचीं। उज्जैन में डीआरपी लाइन हेलिपैड पर राष्ट्रपति की अगवानी राज्यपाल मंगू भाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मंत्री इन वेटिंग उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूखेड़ा ने की। वहीं, उज्जैन रवाना होने से पहले गुरुवार सुबह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इंदौर रेजिडेंसी कोठी परिसर में कदंब का पौधा रोपा। इस दौरान इंदौर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को मध्य प्रदेश यात्रा की स्मृति स्वरूप राष्ट्रपति भवन की तस्वीर भेंट की। इसके बाद वे राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री के साथ उज्जैन के लिए रवाना हो गईं।

उज्जैन पहुंचने पर राष्ट्रपति मुर्मू ने होटल रुद्राक्ष में आयोजित सफाई मित्रों के सम्मान समारोह में शिरकत की, साथ ही दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वच्छता मित्र रश्मि टाकले, किरण खोड़े, शोभा बाई, अनीता बाई और गोपाल खरे को सम्मानित किया, साथ ही सभी को संबोधित किया। सम्मेलन में राज्यपाल मंगू भाई पटेल, सीएम डॉ. मोहन यादव, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसी सिलावट मौजूद रहे।

इसके बाद महामहिम ने एक हजार छह सौ बानबे करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले उज्जैन-इंदौर सिक्स लेन हाईवे का वर्चुअल भूमि पूजन किया। कार्यक्रम में राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने कहा- उज्जैन-इंदौर सिक्स लेन हाईवे से आध्यात्मिक-सांस्कृतिक नगरी उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। यह हाईवे मध्य प्रदेश का पर्यटन, सामाजिक और धार्मिक विकास भी करेगा। वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश ने स्वच्छ भारत अभियान में देशभर में दूसरा स्थान पाया है। इंदौर सात बार से देशभर में सबसे स्वच्छ शहर बना हुआ है। सबसे स्वच्छ राजधानी का अवार्ड भी भोपाल को मिला है। यह हमारा गौरव है। वहीं, राष्ट्रपति ने सफाई मित्र सम्मेलन में अपने संबोधन की शुरुआत और अंत जय महाकाल के जयघोष के साथ किया।

सम्मेलन के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू महाकाल मंदिर पहुंचीं। जहां, उन्होंने भगवान महाकाल को चंदन, सिंदूर, दूध, दही, घी और जल अर्पित कर बाबा के दर्शन किए। साथ ही नंदी हॉल में बैठकर ध्यान लगाया। इस दौरान महाकाल मंदिर समिति ने केसरिया दुपट्टा ओढ़ाकर राष्ट्रपति का सम्मान किया। इसके बाद स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल मंगू भाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महाकाल मंदिर में झाड़ू लगाकर सफाई भी की। इसके बाद राष्ट्रपति इंदौर के लिए रवाना हो गईं। यहां देवी अहिल्या बाई विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी।

बता दें, द्रौपदी मुर्मू उज्जैन आने वाली देश की 10वीं राष्ट्रपति हैं। इनसे पहले पूर्व राष्ट्रपति कोविंद भी उज्जैन आए थे।

Leave a Reply