जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
मध्यप्रदेश में मार्च की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। सूरज के तेवर तीखे हो गए हैं, और गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। इंदौर, जबलपुर, उज्जैन और भोपाल में पारा लगातार चढ़ रहा है। सोमवार को सिवनी, खंडवा और खरगोन में तापमान 35 डिग्री के पार चला गया, और मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में यह और भी बढ़ सकता है।
राज्य के कई शहरों में दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है। इंदौर 33.1 डिग्री, उज्जैन 33 डिग्री, भोपाल 32.2 डिग्री और जबलपुर 30.8 डिग्री तक पहुंच चुका है। वहीं, रात का तापमान भी धीरे-धीरे बढ़ने लगा है, जिससे लोगों को कोई राहत नहीं मिल रही।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 4 और 5 मार्च को हल्की राहत मिल सकती है, लेकिन मार्च के तीसरे और चौथे हफ्ते में लू चलने के आसार हैं। इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में पारा सामान्य से 3-5 डिग्री अधिक रहने की संभावना है।
इसी के साथ अप्रैल और मई में मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी पड़ने के संकेत हैं। ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, रीवा और शहडोल में पारा 45 डिग्री के पार जा सकता है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग में भी इस बार रिकॉर्ड तोड़ गर्मी देखने को मिल सकती है।
अगले 2 दिन ऐसा मौसम
4 मार्च: भोपाल में दिन में गर्मी का असर कम होगा। इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर-जबलपुर में भी ऐसा ही मौसम रहेगा। पारे में गिरावट होगी।
5 मार्च: इस दिन भी दिन-रात के तापमान में गिरावट हो सकती है।