जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
भोपाल वालों के लिए एक बड़ी और खुशी से भरी खबर सामने आई है। स्वच्छता सर्वेक्षण-2024 में भोपाल ने शानदार छलांग लगाते हुए देश के सबसे स्वच्छ शहरों में दूसरा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि ने पूरे मध्यप्रदेश को गर्व से भर दिया है। अब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू खुद भोपाल के मेयर और निगम कमिश्नर को इस उपलब्धि के लिए सम्मानित करेंगी। भोपाल नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने जानकारी देते हुए बताया कि भोपाल ने इस बार तीन पायदान की छलांग लगाई है। पिछली बार यानी 2023 में भोपाल देश में पांचवें स्थान पर था, लेकिन इस बार ये सीधे दूसरे नंबर पर पहुँच गया है।
इस ऐतिहासिक मौके को भव्य तरीके से मनाने की तैयारियां भी जोरों पर हैं। नगर निगम ने तय किया है कि भोपाल में स्वच्छता मित्रों और आम जनता के साथ मिलकर जश्न मनाया जाएगा। शहरभर में लड्डू बांटे जाएंगे ताकि हर भोपाली इस गर्व के पल में शामिल हो सके।
इधर, पुरस्कार लेने के लिए भोपाल की मेयर मालती राय और निगम कमिश्नर हरेंद्र नारायण 17 जुलाई को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने रवाना हो चुके हैं। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी, जहां भोपाल को देश की सबसे स्वच्छ राजधानी का तमगा भी मिलने की पूरी उम्मीद है।
भोपाल की ये यात्रा यूँ ही आसान नहीं रही। अगर इसके सफर पर नजर डालें तो 2017 और 2018 में भोपाल लगातार दो साल देश में दूसरे नंबर पर रहा था। फिर 2019 में अफसरों के तबादलों और सुस्त तैयारी की वजह से भोपाल 19वें नंबर तक फिसल गया। मगर 2020 में कमबैक करते हुए भोपाल ने 12 पायदान चढ़कर 7वीं रैंक हासिल की। 2021 में भी भोपाल 7वें स्थान पर रहा, जबकि 2022 में फिर रैंक सुधरी और ये छठे नंबर पर आ गया। 2023 में भोपाल देश में पांचवें नंबर पर था।
इस साल भोपाल ने न सिर्फ रैंकिंग में छलांग लगाई बल्कि डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन से लेकर कचरे की प्रोसेसिंग तक कई मोर्चों पर शानदार प्रदर्शन किया। फरवरी में हुई ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) के चलते भोपाल में करीब 100 करोड़ रुपए से ज्यादा के विकास और स्वच्छता कार्य हुए, जिनका सीधा फायदा इस सर्वेक्षण में मिला।
कुल मिलाकर भोपाल की जनता, सफाई मित्रों, नगर निगम की टीम और राज्य सरकार ने मिलकर जो मेहनत की, उसका शानदार नतीजा आज सबके सामने है। भोपाल एक बार फिर देश में मिसाल बनकर उभरा है। अब पूरा शहर गर्व और खुशी के इस पल को उत्सव की तरह मनाने को तैयार है।