जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
इंदौर में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने के आरोप में दो महिलाओं के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया है। मामला रावजी बाजार थाना क्षेत्र का है, जहाँ शिकायतकर्ता अनुकूल इंगले ने आरोप लगाया कि ये महिलाएं उनसे जबरदस्ती एक विवादित किताब खरीदने का दबाव बना रही थीं।
किताब में आस्था पर आपत्तिजनक बातें
अनुकूल ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि जब वह क्षत्रिय धर्मशाला के पास से गुजर रहे थे, तब निर्मला हार्डिया और रेणुका हार्डिया नामक महिलाएं उनके पास आईं और उन्हें ‘ज्ञान गंगा’ नामक किताब लेने की बात कही। किताब के शुरुआती पन्नों में लिखी बातों को पढ़ने के बाद वे हैरान रह गए।
शिकायत के अनुसार, किताब में धार्मिक मान्यताओं को लेकर कई विवादित बातें लिखी हुई हैं। उदाहरण के तौर पर, गंगा स्नान, उपवास और धार्मिक स्थलों पर जाने को “निषेध” बताया गया है। इतना ही नहीं, पेज नंबर 25 पर ब्रह्मा, विष्णु और महेश की उत्पत्ति को लेकर विवादित दावे किए गए हैं। किताब में ‘काल’ को ब्रह्मा और ‘प्रकृति’ को दुर्गा बताते हुए आपत्तिजनक विवरण लिखा है।
हिंदू संगठनों ने किया विरोध
इन कथित विवादित अंशों को पढ़ने के बाद अनुकूल ने आसपास के हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं को जानकारी दी और फिर सामूहिक रूप से थाने पहुँचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला गंभीर मानते हुए दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
बाबा रामपाल का कनेक्शन
किताब का संबंध कथित बाबा रामपाल से बताया जा रहा है, जो हरियाणा में हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा है। रामपाल की किताबें अक्सर विवादों में रहती हैं और विभिन्न जगहों पर उनके अनुयायियों द्वारा इन्हें लोगों तक पहुँचाने की कोशिश की जाती है।
पहले भी हो चुका है विवाद
यह पहली बार नहीं है जब रामपाल से जुड़ी किताबों पर विवाद खड़ा हुआ हो। करीब दो महीने पहले जबलपुर के रिछाई इलाके में एक झोलाछाप डॉक्टर दशरथ कुमार बैरागी को इन्हीं किताबों का प्रचार-प्रसार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। बैरागी पर आरोप था कि वह अपने क्लिनिक पर आने वाले मरीजों को इलाज के साथ-साथ यह किताबें भी पढ़ने के लिए देता था। रांझी पुलिस ने उस समय उसके घर से कई आपत्तिजनक किताबें भी जब्त की थीं।
पुलिस की कार्रवाई
इंदौर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों महिलाओं से पूछताछ की जा रही है कि उनके पास इतनी किताबें कहाँ से आईं और वे इन्हें क्यों बेच रही थीं। पुलिस इस मामले में और भी लोगों की संलिप्तता की संभावना से इंकार नहीं कर रही है।