देवतालाब दौरे पर पहुंचे CM मोहन यादव: कांग्रेस नेता मुख्यमंत्री को किसानों की समस्याएं बताना चाहते थे, पुलिस ने रोका; झड़प के बाद पूर्व विधायक बन्ना सहित कई गिरफ्तार!

You are currently viewing देवतालाब दौरे पर पहुंचे CM मोहन यादव: कांग्रेस नेता मुख्यमंत्री को किसानों की समस्याएं बताना चाहते थे, पुलिस ने रोका; झड़प के बाद पूर्व विधायक बन्ना सहित कई गिरफ्तार!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को मऊगंज जिले के देवतालाब शिव मंदिर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया और प्रदेश की प्रगति एवं जनकल्याण की कामना की। सीएम ने यहां लगभग 240 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस ने किसानों और खाद की समस्या को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

कांग्रेस का प्रदर्शन और पुलिस से झड़प

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले मऊगंज बायपास पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस विरोध की अगुवाई पूर्व कांग्रेस विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना कर रहे थे। करीब 3 से 4 हजार किसान और कार्यकर्ता इस आंदोलन में शामिल हुए। कांग्रेस का कहना था कि वे मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपना चाहते हैं, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लगाए गए बैरिकेड्स तोड़ दिए। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने पूर्व विधायक समेत अन्य नेताओं और प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद स्थिति शांत हो पाई।

पूर्व विधायक बन्ना ने कहा, “हम पिकनिक मनाने नहीं आए हैं, बल्कि किसानों और छात्रों की आवाज बनने आए हैं। हम उन मरीजों के लिए खड़े हैं, जिन्हें अस्पतालों में इलाज और पोस्टमार्टम जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए भटकना पड़ता है।”

बता दें, दोपहर करीब 1.30 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हेलिकॉप्टर से देवतालाब पहुंचे। यहां उन्होंने देवतालाब शिव मंदिर में दर्शन कर रुद्राभिषेक किया। इसके बाद उन्होंने 203 करोड़ के 16 विकास कार्यों का भूमिपूजन और 37.5 करोड़ के 7 कार्यों का लोकार्पण किया। इसमें नवगठित मऊगंज जिले का संयुक्त जिला कार्यालय भवन भी शामिल है।

सीएम ने इस अवसर पर कई घोषणाएं कीं—

  • देवतालाब में एससी-एसटी के लिए नया हॉस्टल भवन बनेगा।

  • स्थानीय कॉलेज में ऑडिटोरियम का निर्माण होगा।

  • देवतालाब के अस्पताल का उन्नयन किया जाएगा।

  • बहुती जलप्रपात का सौंदर्यीकरण होगा।

  • देवतालाब मंदिर में शिव लोक का निर्माण कराया जाएगा।

सीएम के बयान: “रणचंडी बनकर संहार करना है”

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों को गिनाते हुए कांग्रेस पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि भारत को अब पूरी दुनिया गंभीरता से सुन रही है। “चीन और अमेरिका जैसे देश भी भारत का स्वागत कर रहे हैं। यह देश को आत्मनिर्भर बनाने की लड़ाई है। किसान का अहित किसी भी हाल में नहीं होने देंगे।”

महिलाओं को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि “कड़वे दिन खत्म होने के बाद अब नवदुर्गा आ रही हैं। रणचंडी बनकर कांग्रेसियों का संहार करना है।”

“पाकिस्तान जाकर चुनाव लड़ो” – कांग्रेस पर हमला

राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि, “कांग्रेस के नेता कभी सेना को गाली देते हैं, कभी सरकार और चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हैं। ये लोग कोर्ट का अपमान करते हैं और पाकिस्तान की तारीफ करते हैं। अगर इतना ही पसंद है तो पाकिस्तान जाकर चुनाव लड़ो, यहां क्यों कर रहे हो?”

कार्यक्रम में शामिल दिग्गज

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, प्रभारी मंत्री लखन पटेल, विधायक गिरीश गौतम, विधायक प्रदीप पटेल, विधायक नरेंद्र प्रजापति, विधायक सिद्धार्थ तिवारी, विधायक दिव्यराज सिंह सहित भाजपा संगठन और प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में शहनाई वादन कर रहे अंतर्राष्ट्रीय कलाकार बांकेलाल की मुक्त कंठ से सराहना भी की।

देवतालाब मंदिर का महत्व

देवतालाब शिव मंदिर न सिर्फ धार्मिक, बल्कि ऐतिहासिक दृष्टि से भी विशेष महत्व रखता है। मान्यता है कि इस मंदिर का निर्माण भगवान विश्वकर्मा ने केवल एक रात में एक ही पत्थर से किया था। रीवा-बनारस हाईवे पर स्थित यह मंदिर सालभर श्रद्धालुओं से भरा रहता है। परंपरा के अनुसार, चारधाम यात्रा के बाद भी लोग देवतालाब आकर भगवान शिव के दर्शन करते हैं, तभी यात्रा पूर्ण मानी जाती है।

Leave a Reply