जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
मध्यप्रदेश में लगातार चुनाव हार के बाद कांग्रेस अब मतदाता सूची सुधार को लेकर सशक्त रणनीति तैयार कर रही है। भाजपा के पन्ना प्रमुखों की तुलना में कांग्रेस ने हर बूथ पर “बूथ लेवल एजेंट” (BLA) नियुक्त करने का कदम उठाया है। इस अभियान का मकसद है — 2028 विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण करना।
कांग्रेस का यह मिशन सिर्फ प्रचार तक सीमित नहीं है। पार्टी हर बूथ और हर मतदाता नाम पर निगरानी रखेगी और इसमें जुटी होगी। पार्टी ने तय किया है कि नए नाम जोड़ने, हटाने या सुधारने की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। इसके लिए सभी BLA को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित फॉर्म — फॉर्म-6 (नाम जोड़ना), फॉर्म-7 (नाम हटाना), फॉर्म-8 (सुधार), और फॉर्म-8A (स्थानांतरण) के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
BLO से सीधा संपर्क बनाएंगे BLA
कांग्रेस के बूथ लेवल एजेंट सीधे बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के संपर्क में रहेंगे। BLO घर-घर जाकर “एनेक्सचर-C” फार्म भरवाएंगे, जिससे मतदाता की पात्रता की पुष्टि होगी। कांग्रेस ने BLA को जिम्मेदारी दी है कि वे इस सर्वे में सक्रिय भाग लें और हर मतदाता का विवरण सही तरीके से दर्ज करवाएं।
हर विधानसभा में बनेगा मतदाता सूची नियंत्रण कक्ष
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने हर जिले और विधानसभा क्षेत्र में ‘मतदाता सूची नियंत्रण कक्ष’ बनाने का निर्णय लिया है। यह कंट्रोल रूम निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और ऑफलाइन मतदाता सूची से डेटा एकत्र करेगा। यहाँ से उन नामों की रिपोर्ट तैयार की जाएगी जो सूची में छूट गए हैं। कंट्रोल रूम बीएलए से फीडबैक लेगा और स्थानीय स्तर पर शिकायतों का समाधान कराएगा।
कांग्रेस का दावा — पिछले चुनावों में मतदाता सूची में गड़बड़ी
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पिछली बार बड़ी संख्या में उनके समर्थकों के नाम मतदाता सूची से हट गए थे। इस बार पार्टी ने इस गलती को दोहराने से बचने का संकल्प लिया है।
कांग्रेस की रणनीति के मुख्य बिंदु:
-
हर मतदान केंद्र पर कम से कम एक प्रशिक्षित BLA की नियुक्ति।
-
मतदाता सूची में संशोधन और दावे-आपत्ति अवधि में सक्रिय भागीदारी।
-
पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को पंजीकृत कराने का अभियान।
-
मृत मतदाताओं या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटवाने के लिए साक्ष्य आधारित आपत्तियां।
-
महिला मतदाताओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम।
“वोट चोर — गद्दी छोड़” अभियान
कांग्रेस प्रदेश में 5 करोड़ लोगों के हस्ताक्षर लेने के उद्देश्य से “वोट चोर — गद्दी छोड़” अभियान चलाएगी। इसके तहत पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने एमपी की सभी 230 विधानसभाओं के प्रभारी नियुक्त किए हैं।
BLA की जिम्मेदारियां:
-
वोटर लिस्ट के हर हिस्से की समीक्षा।
-
सुनिश्चित करना कि कोई योग्य मतदाता सूची से छूट न जाए।
-
गलत वोटर या बाहरी मतदाता सूची में शामिल न हों।
-
नए मतदाताओं के नाम सही दस्तावेजों के साथ जोड़वाना।
-
मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने पर आपत्तियां दर्ज कराना।
कांग्रेस का यह मतदाता सूची सुधार अभियान साफ संदेश देता है — पार्टी अब केवल चुनाव लड़ने तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि चुनावी तैयारी के हर पहलू पर कड़ी निगरानी करेगी। आगामी विधानसभा चुनावों में इसका प्रभाव कितना गहरा होगा, यह आने वाला समय ही बताएगा।