इंदौर में पटाखे जलाने को लेकर हुआ विवाद, पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार; CM डॉ. यादव बोले – उपद्रवी तत्वों से सख्ती से निपटेंगे

You are currently viewing इंदौर में पटाखे जलाने को लेकर हुआ विवाद, पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार; CM डॉ. यादव बोले – उपद्रवी तत्वों से सख्ती से निपटेंगे

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

शुक्रवार दोपहर इंदौर के छत्रीपुरा में दो पक्षों के बीच विवाद के चलते पथराव हुआ। एक पक्ष ने सड़क पर खड़ी गाड़ियों को पलट दिया और कई गाड़ियों के कांच तोड़ दिए। विवाद में पथराव, धर्मस्थलों और गाड़ियों में तोड़फोड़ करने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। 8 आरोपियों की तलाश की जा रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीपावली के अवसर पर इंदौर में हुई घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कुछ बच्चों और अन्य व्यक्तियों को पटाखे जलाने से रोकना गलत है। किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। यदि कोई ऐसा करता है, तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदेश में कानून व्यवस्था का राज है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सभी धर्मों का सम्मान किया जाता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार सभी राज्यों में सुशासन के लिए जानी जाती है। जब शासन की व्यवस्था मजबूत होती है, तो कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में नहीं ले सकता। किसी को भी पटाखे जलाने से नहीं रोका जा सकता। ऐसे उपद्रवी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इंदौर में पुलिस प्रशासन की उपस्थिति में उन लोगों को पटाखे जलाने का मौका दिया गया, जिन्हें पहले रोका गया था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी नागरिकों को अपने दायरे में रहकर सभी धर्मों की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए।

ये है पूरा मामला

दरअसल, छत्रीपुरा थाने से सिर्फ 150 मीटर की दूरी पर रविदासपुरा में शुक्रवार को दोपहर 1.45 बजे दो बच्चियां पटाखे चला रही थीं। तभी सलमान और शानू नाम के लोग उन्हें गालियां देने लगे। बच्चियों की मां से भी उनकी बहस हो गई। इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से पत्थर चलने लगे। भीड़ ने 15 गाड़ियों और धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचाया। एक ऑटो और एक कार में आग भी लगा दी गई। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो भीड़ को हटाने में काफी समय लगा। अंत में, 6 थानों का फोर्स और रिजर्व बल बुलाने के बाद ही स्थिति को संभाला जा सका।

वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता छत्रीपुरा थाने पहुंचे। 13 साल की बच्ची की शिकायत पर सलमान, अयान और शानू के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और धमकी देने का मामला दर्ज किया गया। इस घटना में एक पक्ष के पांच लोग और दूसरे पक्ष से एक महिला समेत चार लोग घायल हुए।

Leave a Reply