जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
मोदी सरकार ने अपने तीसरे कार्यकाल में डिपार्टमेंटल पार्लियामेंट्री स्टैंडिंग कमेटियों (Departmental Parliamentary Standing Committees) का गठन कर दिया है, जिसमें मध्य प्रदेश के 29 सांसदों को शामिल किया गया है। इनमें राज्यसभा और लोकसभा के सदस्य शामिल हैं। बता दें कि मध्य प्रदेश में राज्यसभा के 11 और लोकसभा के 29 सदस्य मिलाकर कुल 40 सांसद आते हैं। मध्य प्रदेश के 5 लोकसभा और 2 राज्यसभा सांसद मोदी सरकार में मंत्री भी हैं।
ख़ास बात यह है कि पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह को एक कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि बीजेपी की राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मिकी मध्य प्रदेश की एकमात्र ऐसी सांसद हैं जो दो कमेटियों की सदस्य बनी हैं।
दिग्विजय सिंह बने कमेटी के अध्यक्ष
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को शिक्षा, महिला, बच्चे, युवा और खेल संबंधी कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। इस कमेटी में 31 सांसदों को शामिल किया गया है, जिसमें 21 लोकसभा सांसद और 11 राज्यसभा सांसद हैं। दिग्विजय सिंह की अध्यक्षता वाली इस समिति में होशंगाबाद लोकसभा सीट से सांसद दर्शन सिंह चौधरी भी बतौर सदस्य शामिल हैं। बाकी सभी सदस्य दूसरे राज्यों के हैं।
सुमित्रा बाल्मिकी दो कमेटियों में सदस्य
बीजेपी की राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मिकी मध्य प्रदेश की एकमात्र ऐसी सांसद हैं जो दो कमेटियों की सदस्य हैं। सुमित्रा बाल्मिकी को सामाजिक न्याय और अधिकारिता समिति का सदस्य बनाया गया है। इसके अलावा उन्हें उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण संबंधी समिति का सदस्य भी बनाया गया है। सुमित्रा बाल्मिकी जबलपुर से आती हैं, उन्हें बीजेपी ने राज्यसभा भेजा था।
कार्मिक, लोक शिकायत, विधि एवं न्याय संबंधी समिति में एमपी के चार सांसदों को जगह मिली है। मप्र से इस समिति में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा और पूर्व केंद्रीय मंत्री और मंडला से सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, देवास सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी को भी शामिल किया गया है। कमेटी में कुल 31 सांसद हैं, जिसमें 10 राज्यसभा और 11 लोकसभा से शामिल किया गया है। कमेटी के अध्यक्ष बृज लाल को बनाया गया है।
वहीं, वीडी शर्मा, रोडमल नागर, हिमाद्री सिंह, सुमेर सिंह सोलंकी, अनिल फिरोजिया, शिवमंगल सिंह तोमर, भारती पारधी, जर्नादन मिश्रा, गणेश सिंह, सुधीर गुप्ता, अशोक सिंह, आशीष दुबे, माया नरोलिया, शंकर लालवानी, अलोक शर्मा, विवेक बंटी साहू, भारत सिंह कुशवाहा, बंशीलाल गुर्जर, राहुल सिंह लोधी, ज्ञानेश्वर पाटिल, डॉ. राजेश मिश्रा को भी कमेटियों में जगह मिली है।