जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
इंदौर का प्राणी संग्रहालय (जू) सोमवार को उस वक्त खास नज़र आया जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव यहां पहुंचे। उन्होंने जू में मौजूद पशु-पक्षियों को नज़दीक से देखा और रंग-बिरंगे पक्षियों को दुलारते भी नजर आए। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील की कि पशु-पक्षी केवल चिड़ियाघरों की शोभा नहीं हैं, बल्कि हमारे पर्यावरण का अहम हिस्सा हैं।
CM ने दिया संवेदनशीलता का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि जानवरों और पक्षियों के साथ प्रेम और करुणा का व्यवहार करना हर नागरिक का कर्तव्य है। “मानवीय संवेदनशीलता ही प्रकृति और समाज के बीच संतुलन बनाए रख सकती है”, उन्होंने कहा।
इंदौर जू को मिले नए बायसन और शुतुरमुर्ग
मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में इंदौर के जू परिवार में नए मेहमान जुड़े हैं। शिमोगा (कर्नाटक) के जू से चार बायसन और दो जोड़ी शुतुरमुर्ग इंदौर लाए गए हैं। इसके बदले इंदौर ने शिमोगा को एक टाइगर दिया है। यह खबर न केवल इंदौर, बल्कि पूरे प्रदेशवासियों के लिए खुशी की बात है।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने जानकारी दी कि इन बायसन के नाम रुद्र, तुलसी, कल्कि और ताप्ती रखे गए हैं। इसके साथ ही हाल ही में 8 विदेशी प्रजातियों (exotic animals) को भी जू के परिवार में शामिल किया गया है।
ज़ेब्रा ने बढ़ाया वंश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खासतौर पर बताया कि इंदौर जू में पहले आए ज़ेब्रा की देखभाल इतनी अच्छी हुई कि उसने यहां सफलतापूर्वक वंश वृद्धि भी की है। यह इंदौरवासियों के लिए गर्व का विषय है।
भविष्य की बड़ी सौगातें
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आने वाले समय में इंदौर जू को और बड़ी सौगातें मिलने वाली हैं। जल्द ही यहां सेंट्रल इंडिया का सबसे आकर्षक एक्वेरियम स्थापित किया जाएगा। उन्होंने “पक्षी विहार”, बायसन और शुतुरमुर्ग के बाड़े, और स्नेक एक्वेरियम में किंग कोबरा का अवलोकन कर अलग-अलग प्रजातियों की जानकारी भी ली।
वन्य जीवन संरक्षण पर जोर
डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश वन्य जीव संपदा से लगातार समृद्ध हो रहा है। कूनो नेशनल पार्क में चीतों के आने के बाद अब इंदौर जू में बायसन और शुतुरमुर्ग जैसे नए मेहमानों का जुड़ना इस बात का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि पशु-पक्षियों के साथ जुड़ाव हमें प्रकृति के और करीब लाता है और उनका संरक्षण समाज की साझा जिम्मेदारी है।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायकगण और नगर निगम के कई अधिकारी मौजूद रहे।