विजयादशमी पर CM ने दी शुभकामनाएं, बोले – “जहां धर्म है, वहीं विजय है”; CM ने गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि और शास्त्री जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि!

You are currently viewing विजयादशमी पर CM ने दी शुभकामनाएं, बोले – “जहां धर्म है, वहीं विजय है”; CM ने गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि और शास्त्री जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को राजधानी भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को नमन करते हुए उन्हें भारत के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत बताया। साथ ही मुख्यमंत्री ने विजयादशमी पर्व पर भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

गांधी जी के विचार आज भी प्रासंगिक

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि महात्मा गांधी ने हमें अहिंसा, सत्य और स्वदेशी का अमूल्य संदेश दिया। उन्होंने भारतवासियों में स्वदेश प्रेम की भावना जगाई और स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को प्रोत्साहित किया। गांधी जी के विचार आज भी देश को मार्ग दिखा रहे हैं और इन्हीं आदर्शों पर चलते हुए भारत आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा – “गांधी जी के आदर्श हमारे लिए सदैव प्रेरणा बने रहेंगे, हमारी सरकार विरासत से विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है।”

गांधी जयंती को ही पूरी दुनिया में अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी जी ने अपने जीवन से यह दिखाया कि अहिंसा और शांति की शक्ति कितनी बड़ी होती है। आज जब पूरी दुनिया संघर्षों से जूझ रही है, तब गांधी जी के विचार पहले से कहीं ज्यादा प्रासंगिक हो गए हैं।

शास्त्री जी का “जय जवान-जय किसान” नारा आज भी मार्गदर्शक

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर नमन किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी ने अपने सरल और दृढ़ नेतृत्व से देश को दिशा दी और “जय जवान-जय किसान” जैसे अमर नारे के जरिए किसानों और सैनिकों को सम्मान दिया। मुख्यमंत्री ने शास्त्री जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी और कहा कि उनके आदर्श हर पीढ़ी को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पावन पर्व हमें “यतो धर्मस्ततो जयः” यानी जहां धर्म है, वहीं विजय है – का स्मरण कराता है।

डॉ. यादव ने आह्वान किया कि हम सभी को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए और धर्म, सत्य तथा न्याय के मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।

संघ शताब्दी पर बधाई

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 100 वर्ष पूर्ण होने पर स्वयंसेवकों को बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि संघ ने जन-जन में राष्ट्रीय चेतना और कर्तव्यबोध जगाकर भारत के स्वर्णिम पुनर्निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया है। “यह गर्व की बात है कि भारत के विकास की नींव से लेकर शिखर तक संघ का योगदान दिखाई देता है।”

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य उपस्थित

इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, विधायक हितानंद शर्मा, सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, महापौर मालती राय और रविंद्र यति सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply