जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
मध्यप्रदेश का मिनी गोवा कहलाने वाला हनुवंतिया टापू एक बार फिर जल महोत्सव की रौनक से सराबोर होने जा रहा है। इंदिरा सागर बांध के बैकवाटर में बसे इस खूबसूरत पर्यटन स्थल पर जल महोत्सव-2025 के आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड ने टेंट सिटी संचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है, जो 4 अगस्त तक जारी रहेगी। चयनित एजेंसी टेंट सिटी का संचालन, रखरखाव और प्रबंधन करेगी। यदि प्रक्रिया तय समय पर पूरी होती है तो यह बहुप्रतीक्षित जल महोत्सव नवंबर-दिसंबर से शुरू होकर दो महीने तक चलेगा।
हनुवंतिया का यह आयोजन केवल एक महोत्सव नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश के पर्यटन का अंतरराष्ट्रीय ब्रांड बन चुका है। इसकी शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में हुई थी। हालांकि, वर्ष 2024 में बजट के अभाव में यह आयोजन नहीं हो पाया था, लेकिन 2025 में इसे पहले से अधिक भव्य रूप में आयोजित करने की योजना है।
पर्यटन और धार्मिक यात्रा को मिलेगा हेलीकॉप्टर सेवा से नया आयाम
मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड केवल जल महोत्सव ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को जोड़ने की बड़ी योजना पर भी काम कर रहा है। इंदौर, उज्जैन, ओंकारेश्वर, भोपाल, मांडू, महेश्वर और बुरहानपुर को हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ने के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। यदि यह योजना समय पर मूर्तरूप लेती है, तो श्रद्धालुओं और पर्यटकों को दो महीने के भीतर इन रूट्स पर हेली सेवा मिलने लगेगी। इससे धार्मिक पर्यटन को बड़ी गति मिलेगी और प्रदेश के हेरिटेज सर्किट में नई जान आएगी।
9 हजार वर्ग किलोमीटर में फैला जलसमूह, 27 द्वीपों का समूह
इंदिरा सागर बांध का जलाशय 9,000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। इसकी जलग्रहण क्षमता 1220 करोड़ क्यूबिक मीटर है। पूरे क्षेत्र में 27 टापू हैं, जिनमें से कई को निजी सेक्टर के लिए विकसित किया जा रहा है। हनुवंतिया के पास स्थित बोरियामाल, नागरबेड़ा और धारीकोटला टापू को निजी एजेंसियों के हवाले देने की तैयारी है।
हनुवंतिया टापू वर्ष 2016 में विकसित किया गया था और इसे 2035 तक एक इंटरनेशनल टूरिस्ट सेंटर बनाने की योजना है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण, विशाल जलराशि और द्वीपों का नजारा इसे मध्यप्रदेश का स्विट्जरलैंड बनाता है।
हनुवंतिया की पहचान: मिनी गोवा से लेकर नेशनल टूरिज्म अवॉर्ड तक
हनुवंतिया टापू को देश का पहला अंतरराष्ट्रीय स्तर का कृत्रिम जल पर्यटन स्थल माना गया है। इसे 2015-16 में भारत सरकार द्वारा सबसे अनोखे पर्यटन उत्पाद के लिए नेशनल टूरिज्म अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। स्पेन में जनवरी 2022 में हनुवंतिया को ‘India’s Unique Water & Adventure Carnival’ के खिताब से नवाज़ा गया। जल महोत्सव 2021 में 60 दिनों के आयोजन के दौरान 2.4 लाख से अधिक पर्यटक पहुंचे थे, जो इसकी लोकप्रियता और सफलता का प्रमाण है।
कैसे पहुंचे हनुवंतिया?
हनुवंतिया की पहुँच भी अब सुविधाजनक हो गई है।
-
इंदौर से दूरी: लगभग 150 किमी।
-
इंदौर के सरवटे बस स्टैंड या गीता भवन बस स्टैंड से खंडवा के लिए बस मिलती हैं।
-
खंडवा से हनुवंतिया के लिए सीधी बस या मूंदी तक पहुंचकर 12 किमी आगे मैजिक वाहन की सुविधा उपलब्ध है।
-
-
भोपाल से दूरी: लगभग 233 किमी।
-
ट्रेन से खंडवा आकर बस या वाहन से हनुवंतिया जाया जा सकता है।
-
निजी गाड़ी से सनावद–नर्मदा नगर–मूंदी होते हुए पहुंचा जा सकता है।
-