उत्तर की बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, अगले 3 दिन रहेगा कड़ाके की ठंड का असर …

You are currently viewing उत्तर की बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, अगले 3 दिन रहेगा कड़ाके की ठंड का असर …

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

क्या आपने हाल के दिनों में अचानक बढ़ी ठंड महसूस की? अगर हां, तो जान लीजिए कि मध्य प्रदेश में बर्फीली हवाओं ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। आज, शनिवार, 25 जनवरी को भोपाल, सतना, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर सहित 35 जिलों में दिन-रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई।

भोपाल में दिन का पारा 6.8 डिग्री तक गिर गया, और अधिकतम तापमान केवल 22.6 डिग्री पर आकर थम गया। वहीं, खजुराहो और सतना में रात का तापमान सबसे ज्यादा 4.8 डिग्री गिरा। राजगढ़ ने इस सर्दी का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जहां न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री तक पहुंच गया। खरगोन में घना कोहरा छाया रहा, जहां विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर तक पहुंच गई।

बता दें, उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं ने एक बार फिर मध्य प्रदेश में ठिठुरन बढ़ा दी है। शुक्रवार को भोपाल में दिन का तापमान 6.8 डिग्री गिरकर 22.6 डिग्री पर आ गया। इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर सहित अन्य शहरों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, गुरुवार रात से हवा का रुख उत्तरी हो गया, जिसके कारण प्रदेश में तेज ठंड का असर देखा जा रहा है। शुक्रवार को 12-14 किमी प्रति घंटे की औसत रफ्तार से ठंडी हवाएं चलीं, जबकि उत्तर भारत में ऊपरी स्तर पर जेट स्ट्रीम की गति 232 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई। इस कारण प्रदेशभर में दिन के साथ रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश में ठंड बने रहने की भविष्यवाणी की है। 29 जनवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) सक्रिय होगा, जिससे तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होगी। हालांकि, यह सिस्टम गुजरने के बाद फिर से ठंड बढ़ने की संभावना है।

Leave a Reply